हेल्पलाइन पर आने वाली हर फोन कॉल का डा0 जितेन्द्र सिंह यादव ले रहे है संज्ञान
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज एण्ड हॉस्पिटल द्वारा विकास खण्ड राजेपुर क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन किया गया। पीडि़तों का स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधियों का वितरण किया गया।
विकास खण्ड राजेपुर के ग्राम हरिहरपुर निवासी सोनू व विवेक ने मेडिकल हेल्पलाइन पर सूचना दी। पीडि़त की सूचना को समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव व अमृतपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डा0 जितेन्द्र सिंह यादव ने संज्ञान लिया और अपनी मेडिकल टीम को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में भेजा। स्वास्थ टीम ने विकासखंड राजेपुर के बाढ़ प्रभावित ग्राम बिरसिंहपुर एवं अल्हादपुर भटौली में पहुंचकर लोगों का उपचार किया और औषधियों का वितरण किया। ज्यादातर जुकाम, खांसी, पेट दर्द, दाद खाज, खुजली, एक्जिमा, बुखार व बाढ़ के पानी में लगातार रहने से होने वाले विभिन्न प्रकार के रोगों से पीडि़त मरीज मिले। शिविर में चिकित्सकों ने सभी बाढ़ पीडि़तों को पानी हमेशा उबालकर पीने के सलाह देते हुए बताया कि ज्यादातर चर्म रोग, अपनी व्यक्तिगत साफ -सफाई उचित प्रकार से ना रखने की वजह से ही पैदा होते हैं। सदैव साफ ओर सूखे वस्त्र पहने एवं नहाने के बाद, शरीर पूरी तरह सूखने पर ही स्वच्छ वस्त्र धारण करें। बाढ़ के समय सर्पदंश की घटनाओं को रोकने के लिए उन्होंने सभी ग्रामवासियों को जूते पहनकर चलने की सलाह दी। इस मौके पर चिकित्सीय टीम में डॉ0 नेहा त्रिपाठी, डॉ0 प्राची कश्यप, डॉ0 अजय सिंह राजपूत, डॉ0 राहुल देव, डॉ0 प्रिया गुप्ता, डॉ0 प्रतीक दीक्षित, डॉ0 रंजन कुमार व फार्मासिस्ट चंद्रभान सिंह राजपूत आदि मौजूद रहे।
मेडिकल कालेज की टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कैम्प लगाकर नि:शुल्क वितरित की दवाइयां
