डीएम ने अंत्येष्टि स्थल का किया निरीक्षण

 विकास हेतु आवश्यक मदों का मापन कर प्राक्कलन तैयार करने के दिये निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने ग्राम पंचायत सोता बहादुरपुर में स्थित परंपरागत अंत्येष्टि स्थल का भ्रमण किया। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने डीएम को अवगत कराया था कि जनपद में एकमात्र स्थल ग्राम पंचायत सोता बहादुरपुर के पांचाल घाट के पूर्व और स्थित अंत्येष्टि स्थल पर सर्वाधिक अंत्येष्टि की क्रियाएं होती हैं। इसमें जनपद ही नहीं पास के कई जनपदों से भी व्यक्ति शव को लेकर अंत्येष्टि के लिए यहां उपस्थित होते हैं। जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों में अंत्येष्टि स्थल के विकास हेतु लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। जिसके सापेक्ष ग्राम पंचायत सोता बहादुरपुर में स्थित परंपरागत अंत्येष्टि स्थल को विकसित किए जाने के संबंध में डीएम ने स्वयं स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर पाया गया कि कुछ समाजसेवियों के द्वारा वहां पर अंत्येष्टि क्रिया से संबंधित स्थलों/भवनों का निर्माण कराया गया है, जिसमें शवदाह स्थल, सामुदायिक शौचालय एवं कुछ सराय स्थल बने हुए हैं। डीएम के भ्रमण के समय मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड), सहायक अभियंता सिंचाई, सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, जिला पंचायत राज अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं सचिव भी स्थल पर उपस्थित थे। डीएम ने स्थल का परीक्षण कर अंत्येष्टि स्थल के विकास हेतु आवश्यक मदों का मापन कर प्राक्कलन तैयार करने हेतु अभियंताओं को निर्देशित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *