बॉयकॉट के बीच भारत-पाकिस्तान का मैच आज

समृद्धि न्यूज। विवाद पहले भी हुए, तनाव पहले भी हुए, टकराव पहले भी देखने को मिले और विरोध के सुर सैकड़ों बार उठे। भारत और पाकिस्तान के बीच जब-जब क्रिकेट के मैदान पर टकराव हुआ, तब-तब इनमें से कुछ न कुछ नजारे हमेशा ही देखने को मिले। मगर रविवार 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर जैसा माहौल है, वो इस सदी में शायद दूसरी बार ही हो रहा हो। सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम रविवार को एशिया कप में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले में प्रबल दावेदार होगी। दिलचस्प बात है कि पिछले कुछ महीनों में सीमा पर बढ़े तनाव के बावजूद इस मुकाबले को लेकर किसी तरह की हाइप नहीं है और भारत में इस मैच के बहिष्कार की मांग की जा रही है। इन सब चीजों के बीच दोनों टीमों के खिलाडिय़ों ने इस मैच के लिए कमर कस ली है। पहलगाम आतंकी हमले और फिर 4 दिन की जंग के कारण इस बार एशिया कप में होने जा रहे भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर विरोध के सुर बेहद आक्रामक और तेज हैं। मगर विरोध के सुर और बॉयकॉट की आवाजों के बीच दोनों टीम इस मुकाबले के लिए उतर रही हैं और इस बार मुकाबला तनाव भरा हो सकता है। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का मुकाबला भारतीय समयानुसार रात आठ बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 7:30 बजे होगा।
जहां तक मैच से जुड़े विवाद की बात है तो भारत में कई राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन लगातार इस मुकाबले का विरोध कर रहे हैं। कोई सडक़ों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन का ऐलान कर चुका है, जबकि सोशल मीडिया पर भी कई मशहूर हस्तियां और इंफ्लुएंसर भी पाकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले को न देखने का ऐलान कर चुके हैं। वहीं दुबई में एक अलग समस्या ने आयोजकों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। पिछले कई सालों में शायद ये पहला ही मौका है, जब भारत-पाकिस्तान मैच के टिकट कई दिनों पहले ही पूरी तरह बिक नहीं गए, मैच से 2 दिन पहले तक भी 50 फीसदी टिकट ही बिकने की खबरें आई हैं। इसकी वजह बॉयकॉट से ज्यादा टिकटों की कीमत बताई जा रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *