बुलंदशहर: कोर्ट मैरिज करने आये हिस्ट्रीशीटर की दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या

समृद्धि न्यूज। बुलंदशहर में प्रेमिका को लेकर कोर्ट पहुंचे प्रेमी की दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद कोर्ट के बाहर अफरा-तफरी मच गई।
बुलंदशहर जिले के कचहरी परिसर में मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे गेट नंबर चार के पास स्थित एक फोटो स्टूडियो में फोटो खिंचवा रहे एक युवक की दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नाहिफ अंसारी पुत्र आसिफ निवासी मदीना मस्जिद के पास वाटर बॉक्स, नगर कोतवाली क्षेत्र के रूप में हुई है। युवक दो दिन पूर्व तस्मिया पुत्री हनीफ निवासी नरसलघाट के साथ घर से भाग गया था। दोनों कचहरी में फोटो खिंचवाने आए थे और दोनों कोर्ट मैरिज करने जा रहे थे।
अचानक हुए हमले से दुकान और बाहर अफरा-तफरी मच गई। दुकान में मौजूद महिला जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए बाहर भागी तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच हमलावर चाकू वहीं फेंककर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एएसपी रिजुल कुमार ने बताया कि मृतक नाहिफ थाना कोतवाली क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर अपराधी था। प्राथमिक जांच में आरोप युवती के भाइयों पर लग रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *