समृद्धि न्यूज। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 48 घंटे के लिए सीजफायर पर सहमति बनी थी। इसके बाद दोनों ओर से हमले रोक दिए गए थे, लेकिन शुक्रवार रात पाकिस्तान ने सीजफायर की धज्जियां उड़ाते हुए अफगानिस्तान पर एयर स्ट्राइक किया है। पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर स्थित अरगुन और बरमल जिलों में कई घरों पर हमले हुए हैं। पाकिस्तान और अफगानिस्तान दोनों ही पड़ोसी देश हैं, लेकिन इस समय उनके संबंध तनाव की स्थिति से गुजर रहे हैं। पाकिस्तान ने एयरस्ट्राइक की। जिसमें अफगानिस्तान को काफी नुकसान हुआ।
पाकिस्तान के हमले में तीन स्थानीय क्रिकेटरों की मौत उरगुन जिले में हो गई। इसके बाद अफगानिस्तान ने बड़ा कदम उठाते हुए पाकिस्तान की धरती पर होने वाली ट्राई सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया है और पाकिस्तान के मुंह पर करारा तमाचा मारा है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया गया है कि उरगुन जिले के बहादुर क्रिकेटरों (कबीर, सिबगतुल्लाह और हारून) की दुखद शहादत पर गहरा दु:ख व्यक्त करता है, जिन्हें आज शाम पाकिस्तानी शासन द्वारा किए गए कायरतापूर्ण हमले में निशाना बनाया गया। इन प्लेयर्स के साथ पांच और लोगों की मौत, जबकि सात घायल हो गए। खिलाड़ी एक मैत्रीपूर्ण मैच में भाग लेने के लिए शाराना गए थे। उरगुन लौटने के बाद उन्हें निशाना बनाया गया। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला ऐसे दिन हुआ है, जब पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल कतर की राजधानी दोहा पहुंच चुका है, जबकि अफगानी प्रतिनिधिमंडल शनिवार को पहुंचेगा। माना जा रहा है कि दोहा में अफगानिस्तान अन्य देशों के सामने पाकिस्तान के चेहरे को बेनकाब करेगा। अफगानिस्तान के दोहा जाने वाले प्रतिनिधिमंडल ने इसकी रिपोर्ट पर भी काम शुरू कर दिया है। ऐसे में एक बार फिर पाकिस्तान को अन्य देशों के सामने शर्मसार होना पड़ेगा।
वहीं दूसरी ओर रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान अब अफगानिस्तान के साथ पहले जैसे रिश्ते नहीं रख सकता। उनकी यह टिप्पणी 48 घंटे के संघर्ष विराम की समय सीमा समाप्त होने के बाद आई है। हालांकि, मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि युद्धविराम की अवधि इसलिए बढ़ा दी गई है, क्योंकि दोनों पक्षों के प्रतिनिधि मौजूदा तनाव का समाधान ढूंढने के लिए कतर के दोहा में मिलने वाले हैं।
