जिला पंचायत ने समय से पहले समेटा टेंट
शमसाबाद, समृद्धि न्यूज। ऐतिहासिक ढाईघाट मेले में इस बार प्रशासनिक अव्यवस्था के चलते दुकानदारों में गहरा रोष देखने को मिल रहा है। बरसों से आयोजित हो रहा यह परंपरागत मेला एक सप्ताह तक चलता है। इस वर्ष भी इसकी तैयारियां 31 अक्टूबर से शुरू हुई थीं और 2 नवंबर को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने विधिवत शुभारंभ किया था। तय कार्यक्रम के अनुसार मेला 8 नवंबर तक चलना था, लेकिन जिला पंचायत द्वारा शुक्रवार को टेंट और अन्य सामान समेटना शुरू कर देने से व्यापारी भडक़ उठे।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को ही जिला पंचायत के अधिकारियों ने अपने टेंट हटवा लिए थे। जिसके बाद शुक्रवार सुबह पूरी तरह टेंट व शामियाना समेटने का कार्य शुरू करा दिया गया। इससे दुकानदारों में नाराजगी फैल गई। व्यापारियों का कहना है कि जब मेला अभी समाप्त नहीं हुआ था। तब जिला पंचायत द्वारा ऐसी कार्रवाई अनुचित है। व्यापारियों ने बताया कि जिला पंचायत द्वारा दुकान किराया और वसूली पहले ही कर ली गई थी। बावजूद इसके बीच मेले में टेंट हटवाने से उनका व्यापार पूरी तरह ठप हो गया। मेले में आए श्रद्धालुओं ने भी अव्यवस्था पर असंतोष जताया। इस संबंध में जिला पंचायत शाहजहांपुर के सहायक राजस्व निरीक्षक शंकर शरण गुप्ता ने बताया कि मेला 8 नवंबर तक ही चलना निर्धारित है। जिला पंचायत के समियाने व टेंट अधिक संख्या में लगे हैं। जिन्हें कर्मचारी धीरे-धीरे समेट रहे हैं। मेला समाप्त होने के बाद ही पूरी व्यवस्था हटाई जाएगी।
ढाईघाट मेले में अव्यवस्था से दुकानदार नाराज
