समृद्धि न्यूज। मध्य प्रदेश में प्याज की कीमतें 1-2 प्रति किलो तक गिरने से किसान गहरे संकट में हैं। किसानों को अपनी लागत भी नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें भारी नुकसान हो रहा है। कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है।
मध्य प्रदेश की मंडियों में नए और पुराने प्याज की आवक शुरू होते ही प्याज के दाम गिर गए हैं। करीब 6 महीने प्याज की फसल को संभाल कर रखने के बाद भी किसानों को प्याज के सही दाम नहीं मिल रहे हैं। रतलाम कृषि उपज मंडी में प्याज की औसत कीमत 600 रुपए प्रति क्विंटल तक ही मिल पा रही है, जबकि न्यूनतम 200 यानी 2 रुपए किलो तक ही मंडियों में बिक रहा है। मालवा क्षेत्र के किसान भाव कम होने से निराश हैं। साथ ही प्याज-लहसुन की एमएसपी तय किए जाने की मांग सरकार से की है। वही मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में प्याज की कीमतें 1 रुपये किलो तक आ गई हैं।
यही वजह है कि किसानों के सामने बड़ी मुश्किल आ गई है। लोगों का कहना है कि इन कीमतों के कारण उनकी लागत भी नहीं निकल पा रही है, इससे भारी नुकसान हो रहा है। यही वजह है कि किसान अब सरकारी मदद की मांग भी कर रहे हैं। इसी के साथ मंदसौर जिले के पंथ पिपलोदा के किसान बब्बू मालवी ने बताया, मैंने एक बीघा में प्याज बोया हुआ था, इसके बाद फसल ठीक-ठाक निकली है। लगभग 6-7 क्विंटल प्याज निकला है, लेकिन प्याज के भाव सुनकर विश्वास नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्याज का भाव 1.99 रुपये प्रति किलो था, जो 2 रुपये भी नहीं है। इससे हमारे मंडी आने-जाने का खर्च भी पूरा नहीं हो पाता। पूरी मेहनत के बाद भी मंडी आने का खर्चा भी नहीं निकल पा रहा है, फसल की लागत कैसे निकलेगी? यहां आने में किराया और खाना पीना लगता है, उसमें ही 100 रुपये से ज्यादा खर्च हो गए हैं, कीमत ऐसे हैं कि किसान कैसे कमाई कर पाएगा। इस वर्ष प्याज का रकबा और उत्पादन अधिक मात्रा में हुआ था। किसानों ने भी दाम बढऩे की उम्मीद में प्याज की फसल को स्टॉक कर रोका हुआ था। वहीं, नए प्याज की आवक भी शुरू हो चुकी है, जिससे पुराने प्याज की कीमत गिरने लगी है। गिरती कीमतों के बीच किसान अपने प्याज के पुराने स्टॉक को बेचने को मजबूर हैं, जहां प्याज की फसल की लागत भी वसूल नहीं हो रही है।
प्याज किसान रो रहा खून के आंसू
मध्य प्रदेश में प्याज की कीमतों में आई गिरावट को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने लिखा कि मध्य प्रदेश में प्याज किसान खून के आंसू रो रहे हैं। यहां की मंडी में प्याज 2 किलो बिक रहा है। किसान अपनी फसल औन-पौने दामों में बेचने को मजबूर हैं। उन्हें फसल का दाम नहीं मिल रहा।
