सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शौचालय का वॉशबेसिन गंदा देख जतायी नाराजगी
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। प्रशिक्षण पर आए आईएएस अधिकारियों की टीम ने विभिन्न सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया। टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, परिषदीय विद्यालय और एमआरएफ सेंटर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सीएचसी के वॉशरूम में गंदगी और पानी बंद मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त की तथा व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिये।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों में शंकर पांडेयान, खेतदान, अक्षय, नंदना, गौरव, सिद्धार्थ, दिव्यांशी, कृष्णकांत, राहुल चौधरी, साई भार्गव, आदित्य और प्रवीन जाधव आदि नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। जहां चेयरमैन डॉ0 शरद गंगवार ने उनका स्वागत किया। इसके बाद टीम तहसील रोड स्थित परिषदीय विद्यालय कुकीखेल पहुंची। अधिकारियों ने बच्चों से उनकी पढ़ाई और कक्षा संबंधी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि स्कूल शिक्षा मित्रों के हवाले चल रहा है और आठ स्कूलों में मात्र एक स्थायी शिक्षक तैनात है। टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का भी दौरा किया। अधीक्षक डॉ0 शोभित कुमार ने बताया कि अस्पताल में रोजाना 600 से अधिक ओपीडी होती है और हर महीने लगभग 400 प्रसूताओं का प्रसव कराया जाता है। एक प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी ने दवाओं की उपलब्धता के बावजूद मरीजों द्वारा बाहर से दवाएं खरीदने का कारण पूछा। जिस पर अधीक्षक ने बताया कि कई मरीज बाहर से इलाज कराकर आते हैं। जिनकी दवाएं यहां उपलब्ध नहीं होतीं।
सीएचसी में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए। शौचालय में पीक से सने वॉशबेसिन को देखकर एक अधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने वॉशबेसिन की टोटी खोलकर पानी जांचा, तो पानी नहीं निकला। इस पर अधीक्षक ने सफाई दी कि किसी ने पानी बंद कर दिया है। हालांकि टीम डिलीवरी रूम की सफाई व्यवस्था से संतुष्ट नजर आई। इसके बाद प्रशिक्षु आईएएस टीम लुधईया गांव के पास अचरा रोड स्थित एमआरएफ सेंटर पहुंची। वहां उन्होंने कूड़े से जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया देखी। बताया गया कि चार किलो का जैविक खाद का पैकेट 60 रुपए में तैयार होता है। टीम ने नगर से आने वाले मिक्स कूड़े को अलग करने की प्रक्रिया और कटिंग मशीन कक्ष का भी निरीक्षण किया। मशीन बंद मिलने पर अधिकारियों ने उसे चालू करने के निर्देश दिए। जिस पर कर्मचारी ने बिजली समस्या की जानकारी दी। निरीक्षण के बाद प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने झाड़ू लगाकर ग्रामीणों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया। इस दौरान टीम ने पौधारोपण भी किया। टीम के नगर में आने से पहले ही नगर पालिका द्वारा शौचालयों को दुरुस्त कराया गया। फुटपाथों से अतिक्रमण हटवाया गया। नगर में सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलगालिब पर बने सेल्फी प्वाइंट हेडगेवार चौक का भी सुंदरीकरण कराया गया।
प्रशिक्षण पर आये आईएएस अधिकारियों ने सरकारी संस्थानों का किया निरीक्षण
