सिपाही से ले रहा था 15 हजार रुपये
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अकाउंटेंट के पद पर तैनात बाबू को एंटीकरप्शन टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। इस कार्यवाही से विभाग में हडक़ंप मच गया। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले एंटीकरप्शन टीम ने रिश्वत खोर बाबू को अपनी गाड़ी में डालकर पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में ले जाकर पूछताछ की और अपने साथ ले गये।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पुलिस विभाग के कार्यालय में लिपिक के पद पर तैनात बाबू हरेन्द्र सिंह चौहान एक सिपाही से एक फाइल पर रुपये देने का दबाव बना रहा था। पीडि़त सिपाही ने बाबू द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एंटीकरप्शन कार्यालय लखनऊ में की।
शिकायत के आधार पर रिश्वत मांगने वाले बाबू को एंटीकरप्शन की 6 सदस्यीय टीम ने पहले अपना जाल बिछाया। जिससे कि वह निकल न सकें और फिर उसे 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। इस कार्यवाही की भनक लगते ही विभाग में हडक़ंप मच गया। एंटीकरप्शन टीम बाबू को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस ले गयी, जहां पूछताछ करने के बाद अपने साथ ले गयी। इस संदर्भ में पुलिस अधीक्षक की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
