फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने सोमवार को संकिसा स्थित बाबा नीमकरौरी धाम के दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य के अलावा सांसद मुकेश राजपूत और कानपुर देहात के सांसद रमेश अवस्थी भी मौजूद रहे। वह जनपद के एक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करने आये थे।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला दोपहर तीन बजे मंदिर परिसर पहुंचे। मंदिर के मुख्य द्वार पर पुजारियों ने उनका टीका लगाकर स्वागत किया। दर्शन के उपरांत पुजारियों ने उन्हें विश्राम कक्ष में चाय.नाश्ता भी कराया।राज्यपाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा नीमकरौरी की तस्वीर का पूजन-अर्चन किया। उन्होंने लगभग 15 मिनट तक पूजा करने के बाद बाबा की आरती भी की। मंदिर के पुजारियों ने उन्हें दुपट्टा ओढ़ाकर बाबा की छवि और एक कंबल भेंट किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने बाबा नीमकरौरी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने एकांत में आध्यात्मिक चर्चा भी की। राज्यपाल के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। एसडीएम सदर रजनीकांत और सीओ मोहम्मदाबाद सुबह 10 बजे से ही मंदिर परिसर में मौजूद थे। कोतवाली मोहम्मदाबाद के इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला ने मंदिर आने की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं को व्यवस्थित कर राज्यपाल के सुगम दर्शन सुनिश्चित कराए। फूड इंस्पेक्टर संजय सिंह को भी व्यवस्था में लगाया गया था।
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बाबा के दर्शन करने पहुंचे नीमकरोरी धाम
