मार्ग दुर्घटना में महिला श्रद्धालु की मौत

कम्पिल, समृद्धि न्यूज। दर्शन करने गई महिला श्रद्धालु की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही स्वजन बिलखने लगे। स्वजन घटना स्थल के लिए रवाना हो गए।
नगर के मोहल्ला मांझगांव पश्चिम की निवासी नरेशचंद्र गुप्ता की ४० वर्षीय पुत्री मंजू गुप्ता कुछ दिन पूर्व दर्शन करने मथुरा गयी थीं। शनिवार सुबह मंजू को रमण रेती हाईवे पर एक क्रेन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मंजू गुप्ता सडक़ पर गिर गईं और वाहन का पहिया उनके ऊपर से निकल गया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने घटना की सूचना स्वजनों को दे दी है। मृतका के भाई हिमांशु गुप्ता ने बताया कि मंजू गुप्ता सोमवार को घर से अकेली मथुरा में ठाकुर जी के दर्शन करने गई थीं। शनिवार सुबह करीब 8:15 बजे रमण रेती में ठाकुर जी की परिक्रमा और दर्शन करने के बाद वह लौट रही थीं, तभी रमण रेती थाना महावन मथुरा क्षेत्र में यह दुर्घटना हुई। हिमांशु गुप्ता ने आगे बताया कि मंजू गुप्ता की शादी वर्ष 2015 में गाजियाबाद की खोरा कॉलोनी निवासी दिलीप गुप्ता से हुई थी। वर्ष 2016 में गर्भवती होने के दौरान उनके पति दिलीप गुप्ता ने कथित तौर पर मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया था। तब से वह अपने मायके में माता-पिता के साथ रह रही थीं। उन्होंने मायके में ही एक बेटी को जन्म दिया। जिसका नाम कृष्णा गुप्ता है और वह आठ वर्ष की है। मंजू गुप्ता और उनकी बेटी का पालन-पोषण उनके माता-पिता ही कर रहे थे। मंजू गुप्ता अपने तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़ी थीं। परिजनों के अनुसार वह प्रत्येक माह मथुरा दर्शन के लिए जाती थीं और पूजा-पाठ में गहरी आस्था रखती थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *