समृद्धि न्यूज़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खाद में कालाबाजारी और मिलावट पर सख्त रुख अपनाते हुए DM, ADM और SDM को खुद खाद दुकानों की जांच के निर्देश दिए हैं. ओवर रेटिंग या कृत्रिम संकट पर NSA तक की कार्रवाई हो सकती है. सरकार ने बताया कि प्रदेश में पर्याप्त खाद उपलब्ध है और किसी भी किसान को खाद के लिए भटकने नहीं दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में खाद में गड़बड़ी करने वालों पर सरकार सख्त हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कालाबाजारी और नकली खाद बेचने वालों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाने का अल्टीमेटम दिया है। सरकार का उद्देश्य किसानों को सही खाद उपलब्ध कराना और कृषि क्षेत्र में धोखाधड़ी को रोकना है। इस फैसले से खाद माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
यूपी में खाद को लेकर किसी भी तरह की गड़बड़ी अब सीधे कानून के कठघरे में होगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ और दो टूक शब्दों में यह संदेश दे दिया है कि मिलावटी, नकली खाद बेचने वालों या खाद की कालाबाजारी करने वालों के लिए अब कोई रियायत नहीं होगी. ऐसे लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि अन्नदाता किसान को खाद के लिए भटकना पड़ा तो इसकी पूरी जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषी चाहे किसी भी पद या स्तर का हो, कार्रवाई से नहीं बच सकेगा.
सीएम ने सभी जिलों में डीएम, एडीएम और एसडीएम को खाद की दुकानों और सहकारी समितियों का नियमित व औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओवररेटिंग किसी भी हालत में न हो और खाद समितियां निर्धारित समय के अनुसार खोली जाएं। डीएपी, यूरिया और पोटाश किसानों को केवल तय सरकारी दरों पर ही उपलब्ध कराए जाएं। जहां भी अनियमितता मिले, तत्काल कार्रवाई करते हुए जिम्मेदारी तय की जाए और फील्ड में तैनात अधिकारियों की गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाए। बैठक में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और सहकारिता राज्यमंत्री जेपीएस राठौर भी शामिल रहे।
