फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पांचालघाट पर हर साल माघ माह में तंबुओं की नगरी बसती है। जिसमें साधु-संतों के अलावा बड़ी तादाद में कल्पवासी एक माह गंगा किनारे रहकर ध्यान, पूजन, भंडारे का आयोजन आदि करते हैं। इस बार मेले का उद्घाटन 3 जनवरी को होगा। मेला 3 फरवरी तक चलेगा। इस बार गंगा के कारण मेला रामनगरिया का क्षेत्रफल लगभग 300 फिट कम हो गया है। मेला रामनगरिया में कल्पवासियों का आना शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में कल्पवासी अभी लगातार आ रहे हैं। सरकारी पांडाल का निर्माण कार्य तेजी पर है। लगभग 340 दुकानों का आवंटन अभी तक हो चुका है। लगभग 50 प्रतिशत कल्पवासी आ भी चुके हैं। उधर मनोरंजन क्षेत्र में भी कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही पुल से मेला परिसर पर आने वाली सडक़ का चौड़ीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
भोलेंद्र चतुर्वेदी को मेला थानाध्य्क्ष का चार्ज
निरीक्षक भोलेंद्र चतुर्वेदी को एसपी आरती सिंह ने मेला थानाध्यक्ष का चार्ज दिया है। आधा थाना बन गया, जल्द ही मेला थाना की स्थापना पूर्ण होगी। मेला में अभी पुलिस बल की तैनाती भी होनी है। मेला सचिव संजय मिश्रा ने बताया की अभी आगामी कार्यक्रमों का खाका तैयार हो रहा है। दुकानों का आवंटन किया जा रहा है। अभी तक कुल 340 दुकानों का आवंटन हुआ है।
