विधानसभा की मर्यादा और संवैधानिक मूल्यों के सशक्त प्रतीक हैं अध्यक्ष सतीश महाना : डॉ. राजेश्वर सिंह

लखनऊ, समृद्धि न्यूज।  सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को सदन की गरिमा, संतुलन और संवैधानिक मूल्यों का सशक्त प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका नेतृत्व न केवल संसदीय परंपराओं को मजबूती देता है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास को भी सुदृढ़ करता है। अध्यक्ष महाना का संयमित आचरण, निष्पक्ष दृष्टिकोण और गहन संवैधानिक समझ, विपरीत परिस्थितियों में भी सदन को अनुशासन, स्थिरता और मर्यादा प्रदान करती है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के रूप में सतीश महाना का आचरण दलगत सीमाओं से परे है, जो सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है। जिस संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ वे सदन की कार्यवाही का संचालन करते हैं, वह लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनके नेतृत्व में विधानसभा केवल चर्चा का मंच नहीं, बल्कि संविधान की भावना और जनआकांक्षाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बनती है।

उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्तिगत रूप से अध्यक्ष महाना का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद सदैव आत्मविश्वास प्रदान करने वाला रहा है। उनके विचार अनुभव, विवेक और संस्थागत गरिमा से परिपूर्ण होते हैं, जो जनसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

गौरतलब है कि डॉ. राजेश्वर सिंह ने ये विचार सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट के पश्चात व्यक्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *