दोस्तों के साथ मछली पकडऩे आया युवक बूढ़ी गंगा में डूबा, मौत

दो घंटे बाद बरामद हुआ शव, परिजन बिना पुलिस कार्यवाही के शव लेकर चले गये
कंपिल, समृद्धि न्यूज। दोस्तों के साथ मछली पकडऩे आया युवक बूढ़ी गंगा में डूब गया। साथी ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दो घण्टे बाद शव को बाहर निकाला। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार जनपद एटा थाना अलीगंज के मोहल्ला नगला पड़ाव निवासी रामगोपाल का २७ वर्षीय पुत्र राजीव शनिवार दोपहर पांच साथियों के साथ मछली पकडऩे कंपिल-बदायूं मार्ग पर कारव मोड़ के निकट स्थित बूढ़ी गंगा पर आया था। मछली पकड़ते समय राजीव व धु्रव गहरे पानी में घुस गए, अन्य साथी किनारे पर खड़े रहे। देखते ही देखते राजीव गहरे पानी में डूब गया। धु्रव ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। साथियों के शोर मचाने पर राहगीर व ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी। ग्रामीणों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। हल्का इंचार्ज दारोगा मोहम्मद सरताज ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीन घण्टे बाद शव को बरामद कर लिया। मौत की खबर मिलते ही स्वजन बिलखने लगे। मृतक की पत्नी सोनी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक राजीव चार भाईयों रिंकू, पिंटू, पंकज में सबसे छोटा था। मृतक भट्टे पर तांगा चलाने का कार्य करता था। स्वजन शव लेकर घर चले गए। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव लेकर घर चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *