घर से 35 लाख के जेवरात चोरी करने वाला युवक दोस्तों सहित गिरफ्तार

माल बरामदगी के लिए पुलिस लखनऊ रवाना
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। अपने ही घर से दोस्तों के साथ मिलकर 35 लाख रुपये के जेवरात व नगदी चोरी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर घटना में शामिल उसके अन्य साथियों को भी हिरासत में ले लिया। पकड़े गये आरोपियों की निशानदेही पर एक प्लाट में खुदाई कर गड़े जेवरात बरामद कर लिये। अन्य आभूषण लखनऊ, गुरसहायगंज, फतेहगढ़ के अलावा कई अन्य स्थानों पर बिक्री करने की बात सामने आयी है। पुलिस ने यह कार्यवाही आरोपी युवक के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर की है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी युवक शिवांशु पुत्र सतीश चन्द्र सिसोदिया ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही घर से लगभग 35 लाख के जेवरात व नगदी चोरी कर कुछ जेवरात एक खाली प्लाट में गड्ढा खोदकर गड़ा दिये। कुछ जेवरात फतेहगढ़, लखनऊ, गुरसहायगंज आदि स्थानों पर सुनारों को बेंच दिये। पुलिस ने आरोपी व इस घटना में शामिल उसके साथी पुष्पेन्द्र, हर्ष, रोहित, आर्यन को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस पकड़े गये आरोपियों की निशानदेही पर दबिश देकर माल बरामद करने का प्रयास कर रही है। पुलिस लखनऊ लेकर आरोपियों को गयी है। फतेहगढ़ पुलिस के अनुसार पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। जल्द घटना का खुलासा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *