नहाने गए युवक की नहर में डूबकर मौत

उन्नाव,समृद्धि न्यूज़ । बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में दोस्तों के साथ नहर में नहाने गए युवक की नहाते समय पैर फिसलने से डूबकर मौत हो गई ।
शारदा नहर में नहाने गए 22 वर्षीय सीताराम पुत्र चुरई निवासी ग्राम रसूलपुर रूरी की डूबने से मौत हो गई। सोमवार को दोपहर में सीताराम अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था। नहाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। करीब 4 घंटे की खोजबीन के बाद उसका शव बरामद किया गया।
बेहटा मुजावर थाना प्रभारी मुन्ना कुमार के अनुसार, युवक को तैरना नहीं आता था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सीताराम पांच भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। वह गांव में रहकर खेती का काम करता था। गर्मी से राहत पाने के लिए वह नहाने गया था और हादसे का शिकार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *