सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो अपलोड करने वाला युवक गिरफ्तार

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कादरीगेट थाना क्षेत्र के लालगेट निवासी एक महिला ने युवक पर सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीडि़ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हरदोई जनपद के थाना पाली क्षेत्र के साजनपुर निवासी अभिषेक मिश्रा पुत्र विपिन कुमार ने उसकी इंस्टाग्राम आईडी देखकर उसके नाम और फोटो से नकली आईडी बनाई। आरोप है कि आरोपी ने महिला और उसके रिश्तेदारों की फोटो पर अभद्र व अश्लील टिप्पणियां करते हुए उन्हें एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया। शिकायत पर कार्रवाई न होने से परेशान पीडि़ता ने साइबर क्राइम और थाने में बार-बार गुहार लगाई। आरोप है कि बीते दिनों रात 9 बजे आरोपी युवक जबरन उसके घर घुस आया और जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। घटना की जानकारी 112 डायल पर दी गई, लेकिन पुलिस पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गया। सोमवार को जब पीडि़ता ने कलेक्ट्रेट परिसर में आरोपी की पहचान कर पुलिस को सूचना दी, तो आरोपी ने वहीं महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के रिश्तेदारों को भी चोटें आईं। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस ने पीडि़ता के रिश्तेदारों को ही हिरासत में लेकर धारा 151 के तहत चालान कर दिया। मामले को लेकर पीडि़ता ने न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है और आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *