उन्नाव, समृद्धि न्यूज। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्यों के चुनाव के लिए जिला न्यायालय परिसर स्थित कचहरी में सुबह से ही अधिवक्ता पहुंचे। जहां मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से कराया गया है।
बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चुनाव में कुल 333 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला अधिवक्ता मतदाता करेंगे। उन्नाव में 4500 से अधिक अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रक्रिया दो दिन चलेगी, जिसमें शुक्रवार और शनिवार को वोट डाले जाएंगे। दोनों दिन सुबह से शाम तक मतदान केंद्रों पर वोटिंग प्रक्रिया की जायेगी।
मतदान स्थल उन्नाव जिला न्यायालय परिसर को बनाया गया है। यहां अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए अलग-अलग काउंटर और बूथ स्थापित किए गए हैं। मतदान की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। मतदाता सूची के सत्यापन और पहचान के बाद ही अधिवक्ताओं को वोट डालने की अनुमति दी जा रही है।
चुनाव को लेकर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद से निपटने के लिए कचहरी परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर करीब दो सौ से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे मतदान पर नजर बनाए हुए हैं। प्रवेश और निकास द्वारों पर सख्ती से चेकिंग की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।
अधिवक्ताओं का कहना है कि बार काउंसिल के सदस्य अधिवक्ताओं की समस्याओं, अधिकारों और न्यायिक सुधारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी कारण यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बड़ी संख्या में अधिवक्ता मतदान करने पहुंचे।,
