फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। ताइक्वांडो के बाद अब प्रशासन बॉक्सिंग खेल के प्रशिक्षण के जरिये बालिकाओं को आत्म रक्षा के लिए तैयार करेगा। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत प्रशासन द्वारा आत्मरक्षा के लिए सिखाया जाने वाला ताइक्वांडो खेल का प्रशिक्षण अब बन्द कर दिया गया है। उसके स्थान पर प्रशासन ने बॉक्सिंग खेल का प्रशिक्षण शुरु करने का निर्णय लिया है। जिससे बेटियां आत्मरक्षा के हुनर सीख सकें। जानकारी के अनुसार बालिकाओं को बॉक्सिंग का प्रशिक्षण देने के लिए लिए स्टेडियम के एन.आई. कोच अथक पटेल को जिम्मेदारी दी गयी। वह शीघ्र ही प्रशिक्षण हेतु रजिस्ट्रेशन कराने वाली बालिकाओं को कैंप लगाकर स्टेडियम में बॉक्सिंग के हुनर सिखायेंगे। पता चला है कि प्रशिक्षण के लिए बहुत कम बालिकाओं ने अभी तक रजिस्ट्रेशन कराया है। फलस्वरुप उनकी संख्या बढ़ाने की जिम्मेदारी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को दी गयी है। वह प्राइमरी व जूनियर स्कूलों में पढऩे वाली छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सीखने हेतु शिक्षकों के माध्यम से प्रेरित करेंगे। जो बेटियां प्रशिक्षण लेने हेतु तैयार होंगी, उनका पंजीकरण खण्ड शिक्षा अधिकारी करायेंगे। प्रशिक्षण के लिए बेटियों की संख्या बढ़ाने के लिए जिला प्रोवेशन अधिकारी अनिल अनिल चंद्रा ने जिला विद्यालय व डीआईओएस को पत्र भेजा है। उसमें कहा गया है कि बेटी बचाओ बेटी बढ़ाओ योजना के तहत बेटियों को नि:शुल्क बॉक्सिंग के प्रशिक्षण के लिए उन्हें प्रेरित कराया जाये। विदित है कि प्रशान की ओर से बेटियों को आत्मरक्षा हेतु ताइक्वांडो का प्रशिक्षण दिया जाता था। जिसे विगत माह बंद कर दिया गया। उसके स्थान पर अब बेटियों को बॉक्सिंग का प्रशिक्षण दिया जायेगा। ———————————-
