सात दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस, १५ नमूने संग्रह
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कृषकों को गुणवत्तायुक्त एवं निर्धारित मूल्यों पर बीज की उपलब्धता सुनिश्चत कराने के लिए कृषि अधिकारियों ने ३५ दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान एक का लाइसेंस निलंबित कर दिया तथा ७ दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। टीम ने १५ नमूने संग्रह किये है।गुरुवार को सदर तहसील में भूमि संरक्षण अधिकारी एवं जिला आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी, कायमगंज तहसील में उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी सदर एवं अपर जिला कृषि रक्षाधिकारी, अमृतपुर में अपर जिला कृषि अधिकारी एवं जिला गन्नाधिकारी ने ३५ प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। बीज के १५ नमूने संग्रह किये, जिन्हे जांच के लिए प्रयोगशाला लखनऊ भेजा जायेगा। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जांच के समय समुचित अभिलेख न दिखाने एवं बिना किसी कारण के प्रतिष्ठान बंद कर गायब होने पर विके्रता मै0 अरभ भण्डार जहानगंज का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। वहीं मोहन खान एवं बीज भण्डार सलेमपुर का निरीक्षण करने पर अभिलेख अपूर्ण मिले। शुक्ला बीज भण्डार सलेमपुर, सिटी बीज एजेंसी मण्डी रोड सातनपुर, बाबा जी खाद भण्डार जिठौली, आनन्द बीज भण्डार जमापुर, कुशवाहा बीज भण्डार सलेमपुर, किसान एजेंसी सातनपुर मण्डी का निरीक्षण करने पर अभिलेख अपूर्ण मिले। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जो लोग जिन कम्पनियों का बीज बिक्री कर रहे है उन कम्पनियों का लाइसेंस में जिक्र अवश्य करें।
