समृद्धि न्यूज। अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे के बाद विचलित करने वाला मंजर सामने आया है।
अहमदाबाद के मेघाणीनगर में हुए इस हादसे में अब तक 265 लोगों के शव अहमदाबाद सिविल अस्पताल ले जाए जा चुके हैं।
वहीं, विमानन कंपनी एयर इंडिया ने भी पुष्टि की है कि हादसे का शिकार हुए विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो चुकी है। वहीं, जीवित बचे एक मात्र शख्स का इलाज चल रहा है।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सडक़ों पर शव बिखरे पड़े थे।
ज्यादातर शव बुरी तरह से झुलस गए। उनकी पहचान भी नहीं हो पा रही है।
वहीं, हादसे के बाद से लगातार राहत और बचाव कार्य चल रहा है।
इस बीच सामने आया है कि हादसे के कारण घटनास्थल का तापमान इतना ज्यादा बढ गया कि बचाव कार्य बेहद कठिनता से हो पा रहा है।
एयर इंडिया का लंदन जा रहा एक प्लेन गुरुवार 12 जून दोपहर अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यहां एक मेडिकल कॉलेज कैंपस में हादसे का शिकार हो गया।
अहमदाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद लंदन जाने वाले एयर इंडिया के विमान का कै्रश हो गया। जिसके बाद घायल को उपचार के लिए ले जाया गया।
बचावकर्मियों ने मलबे में, जीवित बचे लोगों को खोजने और घायलों को बाहर निकालने के लिए काफी जद्दोजहद की। जिनमें से कई गंभीर रूप से झुलसे हुए थे।
पति के पास पहुंचने से पहले खत्म हो गई जिंदगी, चार माह पहले हुई थी शादी
अहमदाबाद प्लेन कै्रश में राजस्थान के बालोतरा जिले की रहने वाली खुशबू राजपुरोहित की भी मौत हो गई। खुशबू की अभी चार महीने पहले शादी हुई थी। वह पति के पास लंदन जा रही थी। खुशबू पहली बार विदेश जा रही थी, लेकिन उसे क्या पता था यही उसकी जिंदगी की आखिरी उड़ान साबित होगी।
जानकारी के अनुसार, बालोतरा जिले के अरबा गांव में पली बड़ी खुशबू राजपुरोहित का चार महीने पहले जोधपुर के खरबेरा निवासी विपुल के साथ धूमधाम से विवाह हुआ था।
खुशबू के पति विपुल राजपुरोहित लंदन के सरकारी अस्पताल में बतौर डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं।
विवाह के बाद विपुल लंदन चले गए। अब खुशबू राजपुरोहित अपने पति से मिलने के लिए लंदन जा रही थी।
इस दौरान अहमदाबाद में प्लेन कै्रश की घटना हुई और इसमें खुशबू की जान चली गई।
