
कार्यक्रम में नशा मुक्ति का दिलाया गया संकल्प
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। रविवार को कामालगंज क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर कोठा में आर्य समाज के तत्वावधान में संचालित घर-घर यज्ञ कार्यक्रम के अंतर्गत मासिक यज्ञ तथा सत्संग का आयोजन हुआ। ग्रामवासियों को वैदिक सैद्धान्तों तथा यज्ञ के महत्व से परिचित कराया गया। बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने यज्ञ में आहुतियां दी और ईश्वर से अपने जीवन मे सुख समृद्धि की कामना की। आर्य समाज के पुरोहित आचार्य संदीप आर्य ने यज्ञ सम्पन्न कराकर उपस्थित श्रद्धालुओं को यज्ञ की वैज्ञानिकता व विशेषता से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि यज्ञ हमारे पूर्वज ऋषियों की मानव सभ्यता की उन्नति के लिए दी गई अनमोल धरोहर है। सृष्टि के आदिकाल से हमारे पूर्वज इस परंपरा का निर्वहन कर इससे सुख प्राप्त कर रहे हैं। हमारे शास्त्रों में यज्ञ को समस्त कामनाओं की पूर्ति के साधन कहा गया है। वेद में सब मनुष्यों के कल्याण के लिए यज्ञ करने का निर्देश परमपिता परमात्मा ने दिया। जब संसार के श्रेष्ठ कर्मों की गणना की जाती है तो उनमें यज्ञ सर्व प्रथम आता है। यज्ञ हमें परोपकार सिखाता है। आध्यात्मिक उन्नति के साथ-साथ यह हमारी भौतिक उन्नति का साधन भी है। हम जिस पर्यावरण में रह रहे हैं उसका संरक्षण करना भी हमारा कर्तव्य है और यज्ञ से बड़ा कोई पुण्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि आज भी हमारे ग्रामीण परिवेश में छुआछूत, पाखण्ड तथा अनेक सामाजिक कुरीतियों का बोलबाला है। इसके निवारण के लिए घर-घर यज्ञ व वैदिक सत्संगों की अलख जगानी है, ताकि हम एक श्रेष्ठ समाज का निर्माण कर सकंे।
इस अवसर पर आर्य समाज के पदाधिकारियों के द्वारा वरिष्ठ जनों का सम्मान भी किया गया। कानपुर से आईं उर्मिला आर्या ने अपने भजनों के माध्यम से शराब आदि सामाजिक कुरीतियों को त्यागने का संकल्प कराया तथा बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए यज्ञ तथा संध्या से जुडऩे का आवाह्न किया। आर्य समाज के प्रधान प्रदीप आर्य ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महेश्वर दयाल आर्य, अशोक आर्य, नरेंद्र आर्य, संतोष आर्य, अरुण राठौर, मनोज राठौर, अमित राठौर, विनोद कुमार, विवेक आर्य, अनुराग आर्य, रजत आर्य, नीलम आर्या, ओमनी राठौर, आकांक्षा राठौर, आदि उपस्थित रहे।
