

नवाबगंज समृद्धि न्यूज। पत्नी के मायके जाने से क्षुब्ध होकर पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नगला हीरा सिंह निवासी भूरे राजपूत (36) खेती किसानी करते थे। कुछ दिन पूर्व उनकी पत्नी मायके चली गई थी। कई बार फोन करने के बाद जब पत्नी घर पर नहीं आई, तो वह बच्चों के साथ मारपीट करने लगा। बच्चों ने टेलीफोन पर मां को अवगत कराया। कल मां विनीता देवी नगला हीरा सिंह आई और अपने तीन बच्चों को साथ लेकर चली गई। इस घटना से आहत पति ने बीती रात नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास में अपने अंगोचे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक अपने परिजनों से अलग मकान बनाकर रह रहा था। सुबह मृतक की मां राम पोथी देवी अपने पुत्र के घर पहुंची और दरवाजे को खोला तो उसकी चीख निकल गई। दरवाजे के सामने ही उसके पुत्र का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल राजपूत ने थाना अध्यक्ष को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना अध्यक्ष जेपी शर्मा तथा फॉरेंसिक टीम के लोगों ने जांच पड़ताल की। मृतक की पत्नी विनीता देवी जिनका मायका आकलगंज थाना मऊदरवाजा में है। मृतक के बड़ी पुत्री वंदना 13 वर्ष, नंदी देवी 5 साल, परी 3 साल और एक पुत्र आर्यन 1 साल का है। मृतक के पिता लज्जाराम की 12 साल पूर्व मौत हो गई थी। मृतक की मां राम पोथी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। मृतक के भाई रामवीर ने थाना पुलिस को फौती सूचना दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
