समृद्धि न्यूज। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों आसमान में उड़ते अज्ञात ड्रोन कैमरों ने ग्रामीणों की नींद उड़ा रखी है। जिसमें हापुड़, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल और अमरोहा जैसे जिलों के गांवों में लगातार ड्रोन देखे जाने की खबरें सामने आ रही हैं। रात के समय तेज रोशनी के साथ उड़ते इन ड्रोन कैमरों को देख लोग डर के साए में जी रहे हैं और कई गांवों में अब लोग रात में छतों पर पहरा दे रहे हैं और युवा लाठी-डंडा लेकर रातभर जागकर निगरानी कर रहे हैं।
यूपी वेस्ट के हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, बिजनौर, संभल जिले में लोगों की रात की नींद उड़ी हुई है। गांव-गांव में ड्रोन दिखने की सूचनाएं मिल रही हैं। चमकती लाइटों वाले ड्रोन के आसमान में उडऩे के कारण ग्रामीण घरों से बाहर निकलने से भी डरने लगा हैं। गांव वाले रात में जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। हापुड़ के सिंभावली के गांव बक्सर, राजपुर,तिगरी में ड्रोन उड़ते नजर आए। कोतवाली क्षेत्र के साथ ही सिंभावली थाना क्षेत्र के बक्सर, तिगरी, राजपुर समेत कई गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। गांव वालों का कहना है कि शाम होते ही ड्रोन उडऩे लगते हैं। इतना ही चमकती लाइटों वाले ड्रोन को देखकर लोग छतों पर जाने से डर रहे हैं। कुछ लोगों ने पत्थर फेंक कर ड्रोन को गिराने की भी कोशिश की। गांवों में पुलिस पहरा दे रही है। दर्जन भर गांवों में डर का माहौल बना हुआ है। बताते चले कि पिछले दिनों तहसील क्षेत्र के ग्राम अखापुर, हिरणपुरा, अल्लाबख्शपुर, बक्सर, राजपुर, तिगरी सहित आसपास के कई गांवों में रात होते ही अज्ञात ड्रोन उड़ते दिखाई देने से दहशत व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ड्रोन चोरों द्वारा उड़ाए जा रहे हैं, ताकि घरों की लोकेशन, गतिविधियों और संपत्ति की जानकारी एकत्र की जा सके। इससे पहले अमरोहा और मुरादाबाद, बिजनौर में भी इसी तरह की गतिविधियां देखी गई थीं।
अन्य जिलों में भी फैला डर
बिजनौर के नूरपुर, स्योहारा, चांदपुर, धामपुर, संभल के असमोली और बिछौली तथा मुरादाबाद के पाकबड़ा, अगवानपुर और कांठ जैसे इलाकों में भी ड्रोन देखे गए हैं। इन जगहों पर लोग अब अंधेरा होते ही छतों पर चौकीदारी करने लगे हैं।
सवाल अब भी कायम
क्या ये ड्रोन सिर्फ चोरी के इरादे से उड़ाए जा रहे हैं या फिर इसके पीछे कोई बड़ा साइबर या डेटा निगरानी नेटवर्क है। यह सवाल अब लोगों की मानसिक और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ गया है, जिसका जवाब पुलिस अभी तक नहीं दे सकी है।
संभल में भी उड़ते ड्रोन से दहशत
संभल जिले के असमोली क्षेत्र में भी रात में ड्रोन उडऩे की खबरों ने लोगों को परेशान कर दिया है। रात कई गांवों में ड्रोन दिखाई दिए। ग्रामीणों ने बताया कि शाम होते ही सभी की नजरें आसमान की ओर लगी रहती हैं और डर के कारण कुछ लोग छतों पर निगरानी करते हैं। कोतवाली क्षेत्र के बिछौली गांव में भी ऐसे ही ड्रोन देखे जाने का दावा किया गया है।
प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती
इन घटनाओं ने प्रशासन और पुलिस की नींद उड़ा दी है। जहां ग्रामीण इन ड्रोन को चोरों की साजिश मान रहे हैं, वहीं पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये ड्रोन किसने और क्यों उड़ाए, लेकिन जब तक रहस्य से पर्दा नहीं उठता, तब तक ग्रामीणों की रातें यूं ही पहरेदारी में कटती रहेंगी।
