
भानू प्रताप को 390 मतों पर करना पड़ा संतोष
मतदान के दौरान युवाओं ने किया हंगामा, पुलिस ने समझाकर किया शांत
कंपिल, समृद्धि न्यूज। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत कोटे की दुकान के लिए वैधानिक प्रक्रिया के तहत चुनाव करवाया गया। चुनाव अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी व प्रधान के सामंजस्य से हुये मतदान में मतदाताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कुल मतदाता 1400 में 852 ने भाग लिया।
ग्राम पंचायत नगला भूड़ में करीब एक वर्ष पूर्व ग्रामीणों की शिकायत पर कोटेदार अशोक कुमार का कोटा अनियमितताओं को लेकर निलंबित कर दिया गया था। कोटेदार के निलंबन व निरस्तीकरण के बाद से ही कोटेदार के चयन पर आमराय न बन पाने के कारण प्रशासन ने प्रत्यक्ष चुनाव कराने का निर्णय लिया। जिसके तहत गुरूवार 27 जुलाई को मतदान के लिए दिन चयनित किया गया। सिकंदरपुर अगू के कंपोजिट विद्यालय के भवन को मतदान केंद्र बनाया गया। अवधपाल व भानू प्रताप निवासी सिकंदरपुर अगू प्रत्याशी के रूप में खड़े हुए। जिसमें अवधपाल 462 मत प्राप्त कर विजयी घोषित हुये और भानू प्रताप को 390 मत से ही संतोष करना पड़ा। मतदान के दौरान कुछ युवाओं ने हंगामा किया तो पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत कराया। इस दौरान नायब तहसीलदार सनी कनौजिया, एडीओ पंचायत ओमकार सिंह, खण्ड विकास अधिकारी मनीराम शंखवार, सचिव शशि देव व कमल कुमार, थाना प्रभारी अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
