समृद्धि न्यूज। बहराइच के रूपईडीहा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां जमीन की बिक्री से मिले पैसों के विवाद में एक युवक ने अपने ही माता-पिता, दादी और बहन की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने भाई पर भी जानलेवा हमला किया। रुपईडीहा थाना के बसंतपुर ऊदल के रामनगर में पैसे के विवाद से नाराज छोटे बेटे ने माता, पिता, बहन व दादी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इस दौरान उसने बड़े भाई पर भी जानलेवा हमला करने के बाद स्वयं को भी मारने का प्रयास किया। गंभीर हालत में दोनों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। वहीं, आरोपित की बड़ी बहन ने हत्या का आरोप बड़े भाई पर लगाया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। घटनास्थल का पुलिस अधिकारियों ने जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि पुश्तैनी संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी ने पहले अपने पिता बदलू राम (60) पर हमला किया। जब परिवार के अन्य सदस्यों-मां संजू देवी (56), बहन पार्वती (42) और दादी शीतला देवी (80) ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसने उन पर हमला कर तीनों की हत्या कर दी। शोर सुनकर बड़ा भाई गुरुदेव वर्मा हमले को रोकने के लिए दौड़ा, लेकिन उस पर भी हमला हुआ और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रुपईडीहा के बसंतपुर ऊदल के रामनगर निवासी 62 वर्षीय बदलूराम के पास 18 बीघे जमीन थी, जिसमें से छह-छह बीघा उन्होंने बड़े बेटे गुरुदेव व छोटे बेटे निरंकार को दे रखी थी। वह अपनी 56 वर्षीय पत्नी संजू देवी व 80 वर्षीय मां शिताला संग छोटे बेटे के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि बदलूराम ने 15 बिस्वा जमीन बेची थी। इसके पैसे को लेकर उनका बेटे से विवाद चल रहा था। रविवार को उनकी बेटी पार्वती ससुराल से मायके होली का त्योहार मनाने आई थी। देर रात पैसे को लेकर निरंकार की अपने पिता से कहासुनी हो गई। इस दौरान उसने आपा खो दिया और कुल्हाड़ी से उनकी नृशंस हत्या कर दी। बीच-बचाव में आई मां, दादी व बहन को भी मौत के घाट उतार दिया। एसओ रमेश रावत ने घटना की जानकारी पुलिस उच्चाधिकारियों को दी। चार लोगों के हत्या की जानकारी मिलते ही एसपी रामनयन सिंह, एएसपी ग्रामीण डीपी तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलावस्था में आरोपित व उसके भाई को पुलिस अभिरक्षा में ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने अपराध में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी और खून से लथपथ एक ईंट पास की झाडिय़ों से बरामद की। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल बड़े भाई की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।
बहराइच: बेटे ने कुल्हाड़ी से काट डाला परिवार
