भारत के एक्शन से तिलमिलाया बांग्लादेश, भारतीय नागरिकों के लिए बंद की वीजा सेवाएं

समृद्धि न्यूज। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच बांग्लादेश ने नई दिल्ली में अपने उच्चायोग और त्रिपुरा में अपने मिशन में वीजा सेवाएं अस्थायी तौर पर निलंबित कर दीं। इस मामले से जुड़े लोगों ने बताया कि वीजा सेवाएं निलंबित करने का फैसला प्रदर्शनकारियों के समूहों द्वारा दोनों मिशनों के बाहर प्रदर्शन करने के बाद लिया गया है। भारत-बांग्लादेश तनाव के बीच बांग्लादेश हाई कमीशन ने भारतीयों के लिए वीजा सर्विस सस्पेंड कर दी है। दिल्ली में कांसुलर और वीजा सर्विस पर अस्थायी तौर पर रोक लगाई गई है। इससे पहले रविवार को भारत ने बांग्लादेश के चटगांव में इंडियन वीजा एप्लिकेशन सेंटर में वीजा सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए रोक दी थीं। भारत ने खुलना, राजशाही और चट्टोग्राम में भी वीजा सर्विस सस्पेंड की थी। चटगांव में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया था और प्रदर्शनकारियों पर वीजा कार्यालय पर पथराव करने का आरोप लगा था। बांग्लादेश के फैसले को भारत के वीजा सर्विस बंद करने के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि बांग्लादेश जाने वाले भारतीयों की संख्या ना के बराबर रहती है। पत्रकार और कुछ व्यापारी ही आते जाते रहते हैं, भारत ने बांग्लादेश के युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भडक़े प्रदर्शनों को देखते हुए वीजा सेवाएं निलंबित करने का फैसला लिया था। हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में हिंसक प्रदर्शन हुए हैं, इस दौरान भारत विरोधी नारे भी लगे। वीजा सेवा को बंद करने की जानकारी देने के लिए दिल्ली स्थिति बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर एक नोटिस लगाया गया है। नोटिस में लिखा है, अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से सभी कांसुलर और वीजा सेवाएं अगले आदेश तक अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। त्रिपुरा में बांग्लादेश के उप उच्चायुकत ने भी रविवार को मिशन के बाहर विरोध प्रदर्शनों के बाद वीजा सेवाओं को निलंबित करने का एलान किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *