टी20 विश्व कप के लिए भारत नहीं आएगी बांग्लादेश की टीम

समृद्धि न्यूज। बांग्लादेश खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने के बाद विवाद बढ़ता जा रहा है। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने स्पष्ट कर दिया है कि वह टी20 विश्व कप के लिए अपनी टीम भारत नहीं भेजेगा। भारत और श्रीलंका में 7 फरवरी से आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत होगी। इस विश्व कप के लिए लगभग सारी तैयारियां हो चुकी हैं। टूर्नामेंट की सभी 20 टीम तय हो चुकी हैं और सभी मुकाबलों का कार्यक्रम भी जारी हो चुका है, टिकटों की बिक्री भी शुरू हो चुकी है। मगर टूर्नामेंट शुरू होने से करीब हफ्ते पहले आईसीसी के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है, जिसके चलते उसे टूर्नामेंट के शेड्यूल में बदलाव करना पड़ सकता है। ये चुनौती खड़ी हुई है भारत और बांग्लादेश के बिगड़ते संबंधों के कारण, जिस चलते बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने अपने मुकाबलों के वेन्यू में बदलाव की मांग की है। भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहे राजनीतिक तनाव के बाद से ही दोनों देशों के खेल संबंध भी बिगडऩे लगे हैं। बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या और भारत विरोधी भावना का रिएक्शन देखने को मिला है। आईपीएल 2026 में बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को हटाने की मांग भारत में होने लगी थी, जिसके चलते 3 जनवरी को बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को आदेश दिया था कि वो बांग्लादेशी खिलाड़ी को बाहर करे। केकेआर ने ऐसा किया भी, जिसके बाद से ही बवाल मचा हुआ है और अब बांग्लादेशी बोर्ड इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहा है। बीसीबी ने कहा, बोर्ड ने पिछले 24 घंटों के घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए स्थिति की विस्तार से समीक्षा की और भारत में होने वाले मैचों में बांग्लादेश नेशनल टीम की भागीदारी से जुड़ी कुल परिस्थितियों पर गहरी चिंता व्यक्त की। मौजूदा स्थिति का पूरी तरह से आकलन करने और भारत में बांग्लादेश दल की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं और बांग्लादेश सरकार की सलाह पर विचार करने के बाद, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने फैसला किया है कि मौजूदा हालात में बांग्लादेश नेशनल टीम टूर्नामेंट के लिए भारत नहीं जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *