फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जेएनवी रोड फतेहगढ़ में बसंत पंचमी हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। इस पर नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों का पाटी पूजन एवं विद्यारंभ संस्कार विधिवत संपन्न कराया गया। आचार्य अभय नारायण शुक्ल द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन पूजन कराया गया। इस दौरान लगभग 20 से अधिक नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों का विद्यारंभ संस्कार पूर्ण हुआ। मुख्य यजमान के रूप में प्रधानाचार्य ओमप्रकाश शुक्ल ने कार्यक्रम प्रारम्भ किया। विद्यालय में पांच हवन कुंड बनाकर आचार्य परिवार सहित सभी भैया बहनों ने यज्ञ में आहुति अर्पण की। आचार्य प्रांजल शुक्ल ने कहा कि विद्यारंभ संस्कार सभी 16 संस्कारों में अत्यंत महत्वपूर्ण है। संस्कार के पश्चात विधिवत शिक्षा का आरंभ होता है। विद्या और संस्कार सनातन संस्कृति की पहचान हैं, जिनसे समाज और राष्ट्र सुदृढ़ होता है। उन्होंने बताया कि वैदिक काल से ही विद्यारंभ संस्कार की परंपरा रही है और सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिरों में यह परंपरा आज भी सजीव रूप में निभाई जा रही है। वहीं सुभाष चंद्र बोस जयंती भी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।
सरस्वती विद्या मंदिर इं0का0 में धूमधाम से मनाया गया बसंतोत्सव
