फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शमसाबाद में एक रोडवेज बस ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सोमवार दोपहर को उस समय हुई, जब दोनों युवक भगवान श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा के दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने बस को घेर लिया।
जानकारी के अनुसार जनपद हरदोई के थाना टडिय़ामा क्षेत्र के गांव तेलियानी निवासी राम लखन अपने साथी देवेंद्र के साथ चार दिन पहले मथुरा गए थे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वे बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे। शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव रजलामई स्थित एक कॉलेज के सामने एटा डिपो की एक रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बस को आगे से बाइक लगाकर रोक लिया और रोडवेज चालक को घेर लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बस चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। कुछ समय के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। सूचना मिलने पर चौकी फैजबाग पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई। हादसे के कारण कुछ समय तक सडक़ पर यातायात भी प्रभावित रहाए जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद बाइक काफी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बस को मामूली नुकसान पहुंचा। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गयाए जहां उनका इलाज चल रहा है। दुर्घटना के संबंध में थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की मौखिक सूचना मिली थी। जिसके बाद टीम को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रोडवेज बस ने बाइक सवारों को टक्कर मारी, घायल
