गिट्टी लदे ट्रेलर का ब्रेक फेल अनियंत्रित ट्रेलर से नीचे कूदने पर चालक की मौत, खलासी गंभीर

हलिया (मिर्ज़ापुर): क्षेत्र के मीरजापुर रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित 135 ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान के पास मंगलवार सुबह नौ बजे के करीब गिट्टी लादकर जा रहे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रेलर से नीचे कूदने पर चालक की मौत हो गई वहीं खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। मध्यप्रदेश के मैहर जिले से गिट्टी लादकर बिहार जा रहा ट्रेलर ड्रमंडगंज घाटी में नीचे उतरते समय जैसे ही बड़का मोड़ घुमान के पास पहुंचा तो अचानक ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होने पर ट्रेलर चालक 25 वर्षीय रघुपति राजभर निवासी निवासी रउतपारा थाना आलापुर जिला अंबेडकरनगर नीचे कूद गया। वहीं 30 वर्षीय खलासी विशाल गुप्ता निवासी रामनगर थाना आलापुर जिला अंबेडकरनगर भी जान बचाने के लिए ट्रेलर से नीचे कूद पड़ा। अनियंत्रित ट्रेलर बड़का मोड़ घुमान से पचास मीटर पहले डिवाइडर में जाकर फंस गया। घटना में ट्रेलर से नीचे कूदे चालक रघुपति राजभर के सिर में आई गंभीर चोट के कारण मौके पर मृत्यु हो गई। वहीं खलासी विशाल गुप्ता के हाथ पैर व सिर में गंभीर चोटें आई हैं।सूचना पर पहुंचे एसआइ सुभाष यादव हेड कांस्टेबल नारायण शर्मा ने घटना की जांच कर गंभीर रूप से घायल खलासी को उपचार हेतु अस्पताल भेजवाया। सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस चालक दिलीप यादव ईएमटी कन्हैया पाल तत्परता के साथ घायल खलासी को सीएचसी लालगंज लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने खलासी की गंभीर चोट को देखते प्राथमिक उपचार के बाद हुए मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि गिट्टी लादकर बिहार जा रहे ट्रेलर का ड्रमंडगंज घाटी में नीचे उतरते समय ब्रेक फेल हो गया। ट्रेलर से नीचे कूदने के दौरान चालक को आई गंभीर चोट के कारण घटनास्थल पर मृत्यु हो गई। गंभीर रूप से घायल खलासी को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। स्वजनों को सूचना देकर चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

-ट्रेलर से नीचे नही कूदता चालक तो बच सकती थी जान

ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान के पास हुई सड़क दुघर्टना में यदि ट्रेलर चालक नीचे नही कूदता तो उसकी जान बच सकती थी। वहीं खलासी के भी नीचे कूदने पर उसे गंभीर चोटें आई हैं।अनियंत्रित ट्रेलर डिवाइडर में जाकर फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि घटना के दौरान चालक नीचे नही कूदता तो जान बच सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *