बरेली: दंगे के मास्टरमाइंड के करीबी आरिफ के शोरूम व 16 दुकानों पर चला बुलडोजर

बरेली, समृद्धि न्यूज। बरेली में दंगे के आरोपी मौलाना तौकीर रजा के करीबी आरिफ की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया गया। आरिफ के एक बड़े मार्केट और शोरूम को ध्वस्त कर दिया गया है। बरेली विकास प्राधिकरण ने 26 सितंबर को हुए दंगे के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रज़ा के करीबी माने जाने वाले आरिफ के अवैध निर्माणों पर शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। बीडीए ने पीलीभीत रोड स्थित आरफि की अवैध मार्केट और तीन मंजिला शोरूम को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। आरिफ की अवैध संपत्तियों पर यह कार्रवाई प्रशासन द्वारा भू-माफियाओं और अवैध कब्ज़ाधारियों पर लगातार कसते शिकंजे के रूप में देखी जा रही है। टीम ने अवैध रूप से निर्मित तीन मंजिला शोरूम व उससे सटी करीब 16 दुकानों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। मौलाना तौकीर रजा के करीबी आरिफ पर पुलिस प्रशासन की यह पहली कार्रवाई नहीं है। कार्रवाई शुरू करने से पहले एडीएम सिटी सौरभ दुबे और सीओ पंकज श्रीवास्तव ने शोरूम व 16 दुकानों को खाली कराया। शोरूम का सामान बाहर निकलने में देरी देखकर सीओ ने नाराजगी भी जताई। पुलिस के पास माइक-साउंड भी मौजूद था। जिससे सीओ शोरूम या दुकानों के आसपास से भीड़ को हटने के लिए एलाउंस कर रहे थे। शोरूम तोडऩे की कार्रवाई के दौरान सामने पीलीभीत मार्ग पर वाहनों के जाम का झाम भी रहा। वहीं बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने बताया कि सभी 16 दुकानें नाला-सडक़ की जमीन पर अवैध रूप से बनी थीं। इनको ध्वस्त करने का आदेश 2024 में और पीलीभीत मार्ग पर स्थित शोरूम के ध्वस्तीकरण का आदेश 2022 में हुआ था। इससे पहले प्राधिकरण उसकी कई संपत्तियों पर शिकंजा कस चुका है। फहम लॉन, स्काई लार्क होटल और फ्लोरा गार्डन बारातघर को भी बरेली विकास प्राधिकरण अवैध मानते हुए सील कर चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *