समृद्धि न्यूज। बरेली हिंसा में मौलाना तौकीर से जुड़े लोगों की कई संपत्तियां सील कर दी गई हैं। वहीं तौकीर के रिश्तेदार ओमान रजा भी निशाने पर है। बरेली शहर में एक साथ कई इलाकों में सीलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं एक और बारात घर को किया गया सील, तौकीर से जुड़े लोगों में हडक़ंप मच गया है। प्रशासन, पुलिस, बीडीए, नगर निगम का जॉइंट ऑपरेशन जारी है। बुलडोजर भी मौके पर मंगाए गए हैं, जो जानकारी आ रही है उसके अनुसार तौकीर के करीबी ओमान रजा का दोमंजिला कॉम्प्लेक्स और शराफत ख़ां का बारातघर सीज कर दिया गया है। बरेली में हिंसा के बाद पुलिस का एक्शन जारी है। मंगलवार को पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा के दामाद मोहसिन रजा की प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलाया।
अभी मोहसिन के गैराज को गिराया गया है, वहीं पुलिस ने मोहसिन रजा को गिरफ्तार भी कर लिया है, आरोप है कि जब पुलिस टीम बुलडोजर लेकर पहुंची तो मोहसिन रजा ने बदसलूकी करना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया। समाजवादी पार्टी के पार्षद ओमान रजा और मोहसिन रजा दोनों दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मन्नानी मियां, जो मौलाना तौकीर रजा के भाई हैं, उनके दामाद हैं। अभी इनके गैराज पर बुलडोजर चला है। आरोप है कि नाले की जमीन पर कब्जा करके यह गैराज बनाया गया था। ओमान रजा बरेली हिंसा का आरोपी है, फिलहाल वह अभी फरार है, ओमान और मोहसिन दोनों भाई हैं।
तौकीर से कोई वास्ता नहीं: मोहसिन
मोहसिन ने कहा कि तौकीर रजा से उसका कोई वास्ता नहीं है। यह सब भाजपा आंवला जिलाध्यक्ष के कहने पर हो रहा है। उन्होंने पहले भी उन पर गोकशी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मोहसिन के पिता ने कोर्ट का स्टे ऑर्डर दिखाया तो टीम ने कार्रवाई रोकी। वहीं मोहसिन रजा और उसके भाई को हिरासत में ले लिया गया है। मोहसिन रजा के घर के सामने ही नाले पर अवैध चार्जिंग स्टेशन पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है।
