
705 दिनों में साढ़े आठ हजार किलो मीटर चले पैदल
युवाओं को सम्मनित करेंगे विकास राजपूत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। फतेहगढ़ के 25 वर्षीय युवक ने अपने मित्र के साथ देश के 13 राज्यों में पैदल यात्रा का पर्यावरण का संदेश देकर लोगों को जागरुक करने का काम किया। नगर में पहुंचने पर साथियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
फतेहगढ़ के सतेन्द्र मोहन शर्मा जो सहायक लेखाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त है। उनके 25 वर्षीय अजितेश अपने साथी छत्तीसगढ़ निवासी सौरव के साथ 7 अक्टूबर 2021 में रायपुर छत्तीसगढ़ से भारत भ्रमण मिशन पर बर्न कैलोरीज नॉट फ्यूल के संदेश को लेकर निकले थे। जब एक तरफ पूरा देश कोरोना जैसी महामारी में घर से बाहर निकलने को परहेज कर रहा था, तभी यह दोनों नौजवानों ने अपनी यात्रा प्रारम्भ कर दी थी। अजितेश ने बताया कि वह 705 दिनों में 13 राज्यों का पैदल भ्रमण पूरा किया। अभी तक साढ़े आठ हजार किलोमीटर चल चुके है। यात्रा के दौरान दोनों अपने साथ एक स्लोगन लेकर चल रहे हैं। जिसमें लिखा है बर्न कैलोरीज नॉट फ्यूल है। वहीं छत्तीसगढ़ निवासी सौरव बताते हैं कि हम लोगों का रात में रुकने का कोई ठिकाना नहीं होता है। जहां शाम होती थी वहीं हम लोग सूर्यउदय के इंतजार में अपना वसेरा कर लेते और सुबह होते ही फिर आगे की यात्रा शुरु कर देते थे। दोनों युवाओं ने अब तक 13 राज्यों की यात्रा पैदल पूरी कर ली है। फतेहगढ़ से अब यह उत्तराखंड का दौरे पर निकलेगें जो 14 वां राज्य होगा। अजितेश ने बताया कि वे थिएटर आर्टिस्ट है, दोनों ने इंदिरा कला संगीत महाविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। वहीं लॉकडाउन में उन्होंने भारत भ्रमण करने का मन बनाया। पूरे 25 महीनों बाद वह अपने गृह जनपद पहुंचे। फतेहगढ़ पहुंचने पर उनके मित्रों व आसपास के लोगों ने फूल माला से स्वागत किया और अभी तक की यात्रा के लिए उन्हें बधाई दी और आगे की यात्रा के लिए अपनी शुभकामनायें दी। यहां गौर करने वाली बात यह है कि हमारी सरकारें पर्यावरण संरक्षण को लेकर अनेको मुहिम चलाती है पर अभी तक इन दोनों युवाओं को सरकार की ओर से कोई मदद या सम्मान प्राप्त नहीं हुआ। दोनों युवाओं के इस कार्य की भावी लोकसभा प्रभारी भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता समाजसेवी विकास राजपूत ने सराहना की। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा सम्मानित कराये जाने के लिए वह जिलाधिकारी से मिलकर बात करेंगे और दोनों युवाओं के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।
