फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी के निर्देश पर आवास विकास में प्रशासन ने अतिक्रमण अभियान चलाया। लंबे समय से सरकारी जमीन पर चले आ रहे अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माणों को हटाने के लिए राजस्व, पुलिस और आवास विकास की संयुक्त टीम सुबह से ही मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।
पिछले कई दिनों से आवास विकास क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में साफ कहा था कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो। नियमों का उल्लंघन किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। डीएम के निर्देश पर अभियान के दौरान कई जगहों पर बने कच्चे-पक्के निर्माण, टीन शेड, दीवारें और अस्थायी ढांचे जेसीबी से ढहाए गए। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
सरकारी जमीन किसी भी हालत में नहीं छोड़ी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उन्हें पहले नोटिस दिए गए थे और जमीन खाली करने को कहा गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया। जिससे प्रशासन को बलपूर्वक कार्रवाई करनी पड़ी। अब आवास विकास की पूरी जमीन का पुन: सर्वे किया जाएगा और जहां-जहाँ अतिक्रमण मिलेगा, उसे तत्काल हटाया जाएगा।
आवास विकास में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
