केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसो0 ने औषधि निरीक्षक की नियुक्ति की उठायी मांग

 मुख्यमंत्री व औषधि अनुज्ञापन एवं नियंत्रण प्राधिकारी को सौंपा ज्ञापन
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन कायमगंज की तरफ से जनपद में औषधि निरीक्षक की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री व औषधि अनुज्ञापन एवं नियंत्रण प्राधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर मांग की गई। जिससे विभाग के कार्यों में उत्पन्न बाधाएं समाप्त हो सकें व विभागीय कार्य सुचारु रूप से चल सके।
नगर कायमगंज के केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कुमार रस्तोगी, कोषाध्यक्ष विवेक अग्रवाल, सचिव मनोज जौहरी ने टीम के साथ मुख्यमंत्री व औषधि अनुज्ञापन एवं नियंत्रण प्राधिकारी लखनऊ को जनपद में रिक्त औषधि निरीक्षक के पद पर नियुक्ति के लिए ज्ञापन सौंपकर मांग की है। अध्यक्ष के अनुसार जनपद में औषधि निरीक्षक का पद काफी समय से रिक्त है। इस पद को लगभग तीन वर्षों से अतिरिक्त चार्ज पर रखा गया है। वर्तमान समय में कन्नौज के औषधि निरीक्षक कार्यभार देख रहे हैं, जबकि पूर्व में इटावा के औषधि निरीक्षक के पास कार्यभार था। अतिरिक्त चार्ज होने के कारण वर्तमान औषधि निरीक्षक सप्ताह में दो बार ही आते हैं। जिस कारण नए लाइसेंस नवीनीकरण व निरीक्षण संबंधी अन्य कार्य अधर में लटके हुए हैं। इसके अतिरिक्त कानपुर मंडल में सहायक आयुक्त औषधि का कार्य भी आगरा जोन के सहायक आयुक्त देख रहे हैं। इस कारण जनपद की सभी प्रक्रियाएं सुस्त चल रही हैं। कार्य में प्रगति के लिए एक स्थायी औषधि निरीक्षक की जरूरत है। जिससे विभाग के सभी कार्य सुचारु रूप से पूर्ण हो सके। जिससे बाजार में बिक रही नकली एवं घटिया दवाइयों पर रोक लग सके। इस दौरान एसोसिएशन के सभी सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *