मामा के साथ बाइक से जा रहे बालक की सडक़ हादसे में मौत, मामा गंभीर

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। मार्ग दुर्घटना में मामा के साथ बाइक से जा रहे 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसका मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम तरा नगला निवासी अखिलेश राजपूत का 10 वर्षीय पुत्र इंद्रेश अपने मामा सुआलाल पुत्र बुधपाल निवासी ग्राम बसोला थाना शमशाबाद के साथ बाइक से ननिहाल जा रहा था। इंद्रेश कक्षा चार का छात्र था और तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बताया गया कि ग्राम रूनी चुरसई के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में इंद्रेश और उसका मामा गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से दोनों को तत्काल लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने इंद्रेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं मामा सुआलाल का इलाज अस्पताल में जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बालक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतका की मां नन्हीं देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *