सीओ ने वाहन चालकों को सडक़ दुर्घटनाओं के प्रति किया जागरुक

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर रोडवेज बस अड्डे पर चालकों के लिए एक सडक़ सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात अभय वर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत, यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार और रोडवेज के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी। क्षेत्राधिकारी यातायात ने चालकों को कोहरे में सावधानी से वाहन चलाने, सडक़ के बीच में सवारी न बैठाने या उतारने और अन्य सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने सभी चालकों को नशे में वाहन न चलाने, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, सीमित गति से वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी 42 चालकों और परिचालकों को सडक़ सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। यह शपथ उन्हें यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करने हेतु थी। इसके अतिरिक्त एक मोबाइल वैन के माध्यम से सेंट्रल जेल चौराहा, रोडवेज बस अड्डा और मेला रामनगरिया क्षेत्र में ऑडियो संदेशों के जरिए सडक़ सुरक्षा नियमों का व्यापक प्रचार किया गया। यह सडक़ सुरक्षा जागरूकता अभियान 31 जनवरी तक अनवरत जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *