गणितज्ञ रामानुजन की जयंती पर प्रतिभागी छात्राओं को किया गया सम्मानित
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब द्वारा सोमवार को महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में श्रीनिवास रामानुजन की जयंती राष्ट्रीय गणित दिवस के रुप में मनायी गई। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक ने रामानुजन के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिला समन्वयक प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की। छात्राओं में एवं आम जनमानस में गणित विषय के प्रति जन जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। रस्तोगी इंटर कॉलेज के गणित विषय के प्रवक्ता देवेंद्र कुमार एवं जीजीआईसी की गणित विषय की अध्यापिका ज्योति गणित विषय विशेषज्ञ के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गणित विषय पर मॉडल प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक एवं गणित प्रश्नोत्तरी करके बच्चों में गणित विषय की जटिलताओं को दूर करते हुए कार्यक्रम को मनोरंजक रूप प्रदान किया गया। प्रश्नोत्तरी में विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में श्रीनिवास रामानुजन के जीवन चरित्र पर चलचित्र दिखाया। संचालन शिक्षिका अर्चना गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में रिचा तिवारी, शैलजा मौर्य, आरती यादव, मोनी चौहान, सरिता बाजपेई, मीनाक्षी भास्कर, सवालिया इत्यादि उपस्थित रहे। नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाली छात्राएँ साक्षी पाल, सलोनी, छबि, सगुन इत्यादि रही। उत्कृष्ट मॉडल बनाने वाली छात्राएँ निधि पाल, सुनैना, दिव्यांशी, परी, चाँदनी बाथम, सौम्या रहीं।
राष्ट्रीय गणित दिवस पर प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
