
कम्पिल/कायमगंज, समृद्धि न्यूज। अनियंत्रित बाइक ट्रैक्टर से जाकर टकरा गयी। ट्रैक्टर का पहिया निकलने से बाइक सवार हलवाई की मौत हो गयी। साथी शव को सड़क किनारे कर मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर चालक भी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगर के मोहल्ला मांझगांव पूर्व निवासी शंभू दयाल का २५ वर्षीय पुत्र सतेंद्र श्रीवास्तव हलवाई का काम करता था। शुक्रवार सुबह सतेंद्र कम्पिल निवासी एक युवक के साथ बाइक से कायमगंज पनीर व हरी मटर लेने गया था। वापस लौटते समय कंपिल कायमगंज मार्ग पर मेदपुर मोड़ के निकट बाइक अनियन्तत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से जा टकरायी। बाइक पर पीछे बैठे सतेंद्र के ऊपर से ट्रैक्टर का पहिया निकल गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। बाइक चला रहा युवक सतेंद्र के शव को सड़क किनारे डालकर भाग गया। ट्रैक्टर चालक भी मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव पीएम हेतु भेज दिया। पुलिस ट्रैक्टर को थाने ले आयी। मौत की खबर मिलते ही स्वजन बिलखने लगे। मृतक की पत्नी सोनम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के एक चार वर्षीय पुत्री मानवी भी है। मृतक सतेन्द्र पांच भाईयों ब्रजेश, उपदेश, जितेंद्र व धर्मेंद्र में सबसे छोटा था। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया शव पीएम हेतु भेज दिया गया है।तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। —————–
