
सरकार के फ्री फरमान से उज्ज्वला के उपभोक्ता थे काफी खुश
एजेंसी पहुंचे तो पता चला कि पहले ९३० रुपये जमा करों, तब ले जाओ घर सिलेंडर
देर शाम तक लाइन में लगी रही महिलायें, बोली इतना पैसा होता तो पहले ही ले लेते
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। दीपावली के पर्व पर केंद्र सरकार की ओर से उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीपावली को तोहफे के रुप में नि:शुल्क सिलेंडर देने का फरमान जारी किया था, लेकिन स्थानीय स्तर पर आदेश हवा-हवाई हो गये। उपभोक्ताओं की माने तो ब्याज पर रुपये लाकर ९३० रुपये पूरे दिन लाइन में लगे रहने के बाद एजेंसी पर जमा करने पर यह कहकर दिया जा रहा है कि पैसे खाते में ट्रांसफर हो जायेंगे।
शनिवार को देर शाम तक नि:शुल्क सिलेंडर पाने के लिए लाभार्थियों की लम्बी-लम्बी कतारे एजेंसी पर लगी देखी गई। आलम यह था कि धक्का-मुक्की और तूं-तूं-में-में तक हुई। सुबह से लाइन में भूखी-प्यासी लगाी महिलायें बार-बार यह कह रही थी कि त्योहार पर हम लोग यहीं रहेंगे तो काम कैसे होगा। देना था तो दो-चार दिन पहले दे देते। जबकि लाभार्थी को उसके आवास पर सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्देश है, लेकिन उसके बावजूद सुबह से शाम तक भूखे-प्यासी महिलायें लाइन में लगी देखी गई।
बीते दिनों जिला पूर्ति अधिकारी ने नि:शुल्क त्योहार पर सिलेंडर दिये जाने के संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया था कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को नि:शुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल वितरित किए जाने हेतु निगरानी कमेटी का गठन किया गया था। नि:शुल्क सिलेंडर वितरण की अवधि लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2023-24 के प्रथम चरण में नवंबर से दिसंबर तक तथा द्वितीय चरण जनवरी 2024 में मार्च तक नि:शुल्क सिलेंडर रिफिल प्रदान की जायेगी। नि:शुल्क सिलेंडर रिफिल वितरण योजना हेतु पात्रता प्रधानमंत्री उज्जवल योजना के लाभार्थियों को नि:शुल्क सिलेंडर वितरित हेतु पीएमयूवाई के ऐसे लाभार्थी जिनके बैंक खाता आधार लिंक हो गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में तीन आयल कंपनियां को 1,57,१33 लाभार्थी जिनका मिलान खाद्य रसद विभाग के राशन कार्ड डेटावेस से कराया गया है। जिनके आधार प्रमाणित है को सर्वप्रथम योजना का लाभ दिया जाएगा।
इस संदर्भ में जब जानकारी करने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी को कुछ लोगों ने फोन किया तो बंद बता रहा था। वहीं नवाबगंज में भी नि:शुल्क सिलेंडर पाने वाले उपभोक्ताओं का भी यह हाल देखने को मिला।
कस्बा नवाबगंज स्थित एचपी गैस एजेंसी तथा इंडेन गैस एजेंसी पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता फ्री सिलेंडर मिलने की सरकार द्वारा दी गई जानकारी पर लेने आये। जब उन्हें पता चला कि 930 रुपये जमा करना पड़ेगें। उसके बाद उनके खाते में फ्री सब्सिडी जाएगी। उपभोक्ताओं के होश उड़ गये। हम सब यह कह रहे थे कि इत्तो रुपया हमारे पास होता तो पहले ही ले लेते और निराश होकर वापस लौट गये। दोनों गैस एजेंसी के मालिकों ने बताया कि सरकार के मुताबिक गैस सिलेंडर नगर भरवाना होगा, उसके बाद उपभोक्ता के खाते में रुपया वापस सब्सिडी का जायेगा। नवाबगंज में गुड्डी देवी ने बताया कि बड़े खुश थे कि सिलेंडर फ्री में मिल रहा है, लेकिन यह आकर पता चला कि पहले ९३० रुपये जमा करों, तब मिलेगा। हम ब्याज पर रुपये लेकर आये है। कब खाते में रुपये जायेंगे पता नहीं, लेकिन जिससे लायें है वह रुपये पूरा लेगा। वहीं की उमा ने बताया कि पूरे दिन लाइन में लगे रहे उसके बाद पता चला कि ९३० रुपये जमा करों तब मिलेगा। इतने पैसे मेरे पास नहीं है कि एजेंसी पर जमा कर दें। हम लोगों दीपावली पर खुश थे हमें सिलेंडर फ्री मिलेगा।

