प्राचीन शिव मंदिर तुषौर में प्रस्तावित पंचकुंडी महायज्ञ को लेकर विवाद गहराया

दो दर्जन लोग तहसील मुख्यालय अमृतपुर पहुंचे, अधिकारियों ने नहीं दी अनुमति
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। प्राचीन शिव मंदिर तुषौर में प्रस्तावित पंचकुंडी महायज्ञ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। यज्ञ आयोजन की अनुमति को लेकर लगभग दो दर्जन लोग तहसील मुख्यालय अमृतपुर पहुंचे और उप जिलाधिकारी से अनुमति प्रदान किए जाने की मांग की।
यज्ञ से जुड़े राजीव बाबा ने बताया कि मंदिर में बीते कई वर्षों से नियमित रूप से यज्ञ का आयोजन होता चला आ रहा है, लेकिन यह पहला अवसर है जब आयोजन के लिए अनुमति की बात सामने आई है। उनका आरोप है कि जब अनुमति के संबंध में अधिकारियों से संपर्क किया गया तो उन्हें स्पष्ट रूप से कह दिया गया कि किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिससे श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है। इस पूरे मामले को लेकर जब क्षेत्राधिकारी अमृतपुर से बातचीत की गई तो उन्होंने इसे दो पक्षों के बीच का विवादित मामला बताया। वहीं उप जिलाधिकारी अमृतपुर ने स्पष्ट किया कि पुलिस की आख्या प्राप्त होने के उपरांत ही यज्ञ आयोजन की अनुमति पर निर्णय लिया जाएगा। जानकारी के अनुसार यह मामला दो पक्षों के बीच लंबे समय से चला आ रहा है। जिसके चलते प्रशासन सतर्कता बरत रहा है। यज्ञ की अनुमति की मांग को लेकर तहसील पहुंचे लोगों में दलबीर सिंह गौरक्षक, विकल पांडे, शिवम पाठक, शिवम अवस्थी, सुमित अवस्थी, भारतीय बजरंग कार्यकर्ता राधेश्याम भदौरिया, कौशल किशोर राठौर, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, देवता सिंह, शिवकुमार सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, गौरी शंकर भदौरिया, नन्हें सिंह, डब्बू सिंह, किशन पाल सिंह, अमित सिंह, प्रभाकर सिंह सहित लगभग दो दर्जन लोग मौजूद रहे। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और सभी की निगाहें पुलिस आख्या व प्रशासन के अगले निर्णय पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *