अमृतपुर बांसी अड्डे पर पशु तस्करी से भरी पिकअप ने बाइक सवारों को मारी टक्कर

दो युवक हुए घायल, चालक मौके से हुआ फरार
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। बांसी अड्डे पर चौहान टेंट हाउस के सामने पशु तस्करी में लिप्त एक पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार अमित (20) पुत्र राजेश एवं अनुराग (22) पुत्र अशोक निवासी उलियापुर थाना कमालगंज जरियनपुर की ओर से बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। इसी दौरान राजेपुर की तरफ से आ रही एक पिकअप जो पशुओं से भरी हुई थी और पूरी तरह से ढकी हुई थी, के चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद जिला पंचायत सदस्य अजय कुमार चौहान एवं अमृतपुर प्रधान सचिन देव तिवारी ने पुलिस की सहायता से घायलों को पुलिस जीप द्वारा राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद पशुओं से भरी पिकअप को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने भिजवाया। थाना अध्यक्ष मोनू शाक्य ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *