
जेब में मिले मोबाइल से परिजनों ने की बबलू के रुप में शिनाख्त सीओ ने पहुंचकर की जांच पड़ताल कायमगंज, समृद्धि न्यूज। चीनी मिल के पीछे बनी हौद में अज्ञात युवक का शव पड़ा होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी ने जांच पड़ताल की। पुलिस को उसकी जेब से मिले फोन से उसकी शिनाख्त चीनी मिल मिस्त्री के रुप में हुई। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र स्थित चीनी मिल में सोमवार को एक अज्ञात युवक का शप पड़ा उस समय मिला जब चीनी मिल में सफाई का कार्य चल रहा था। चीनी मिल के पीछे जब कर्मचारी गये तो हौद में एक युवक का शव पड़ा देख सूचना अपने अधिकारियों को दी। मौके पर तमाम लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर क्षेत्राधिकारी सोहराब आलम, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल, मण्डी चौकी इंचार्ज कृष्ण कुमार कश्यव, कस्वा चौकी इंचार्ज हरिओम प्रकाश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ पहुंच गये। पुलिस ने शव को हौद से बाहर निकाला और उसकी तलाश की तो उसकी जेब से मिले मोबाइल फोन द्वारा परिजनों को सूचना दी गई। तो परिजनों ने उसका नाम बबलू पुत्र राधेश्याम निवासी कुम्हारन टोला जनपद खीरी बताया। परिजनों के अनुसार बबलू ८ जुलाई को घर से कायमगंज चीनी मिल के लिए निकला था। मृतक मिस्त्री था। सीओ ने बताया कि चीनी मिल के हौद में मिले शव की शिनाख्त हो गई है। प्रारम्भिक जांच में हौद में पैर फिसलने से उसकी मौत होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। ———————–
