उन्नाव, समृद्धि न्यूज। शादी के एक महीने बाद नव विवाहिता का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटकता मिला। जिसे देख परिजनों के होश उड़ गए। रात में सबने मैरिज की वन मंथ एनिवर्सरी मनाई। सुबह वह फंदे से लटकते मिली।
मृतका के भाई के मुताबिक, रविवार को दीदी की शादी की वन मंथ एनिवर्सरी थी। जीजा को छुट्टी नहीं मिली थी। रात करीब 3 बजे वह घर लौटे। वह सो चुकी थीं। वह भी सो गए।
सुबह करीब 5 बजे वह उठे तो देखा पत्नी बेड पर नहीं थी। तलाशते हुए बगल के कमरे में पहुंचे तो पत्नी दुपट्टे के फंदे से लटक रही थी।
जानकारी के अनुसार दही थाना क्षेत्र 24 वर्षीय स्वेच्छा वर्मा की शादी 4 दिसंबर को 26 वर्षीय सूरज सिंह से हुई थी। दोनों ने लव मैरिज की थी।
सोशल मीडिया से प्यार हुआ, फिर शादी की पड़ोसियों ने बताया कि स्वेच्छा के पिता मनोज वर्मा का कोरोना काल में निधन हो गया था। घर की जिम्मेदारी स्वेच्छा पर ही थी। मोहल्ले में ही एक कॉस्मेटिक और रिचार्ज की दुकान उसकी थी। दुकान पर स्वेच्छा ही बैठती थी।
उसके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर श्याम नरेश सिंह का घर है। उनका बेटा सूरज, सूट की फैक्ट्री में सुपरवाइजर है। स्वेच्छा और सूरज एक दूसरे को काफी पहले से जानते थे। सोशल मीडिया पर कनेक्ट होने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी।
धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। घरवालों को जब दोनों के रिश्ते का पता चला तो दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए राजी नहीं हो रहे थे। जबकि बाद में दोनों ने अपने-अपने परिवारों को मना लिया। बीते 4 दिसंबर को धूमधाम से दोनों की शादी हुई।
स्वेच्छा के भाई हनी ने बताया- 4 जनवरी को बहन स्वेच्छा की शादी के एक महीने पूरे हुए थे। मैं बहन के घर केक और चॉकलेट लेकर गया। इस पर दीदी ने मुझे डांट लगाई। कहा- इसकी कोई जरूरत नहीं थी। हालांकि, मैं केक और चॉकलेट देकर घर चला गया।
दीदी जीजा का इंतजार कर रही थी। रात 3 बजे जीजा फैक्ट्री से काम करके लौटे। वे भी केक और पिज्जा लाए थे। लेकिन तब तक घरवाले सो गए थे। जीजा ने घरवालों को जगाया। केक और पिज्जा खाने के लिए सबसे कहा लेकिन किसी ने नहीं खाया। पत्नी के बारे में पूछा तो घरवालों ने बताया कि वह सो रही है। इसके बाद जीजा कमरे में सोने चले गए। पत्नी बेड पर सो रही थी। सुबह 5 बजे जब अलार्म बजा तो सूरज की नींद खुली। स्वेच्छा बेड पर नहीं थी। वह उसे ढूंढ़ने लगे। बगल के कमरे में पहुंचे तो चीख पड़े। वह दुपट्टे को फंदा बनाकर पंखे से लटक रही थी। घरवाले पहुंचे। घर में कोहराम मच गया। ‘बहू ने ऐसा कदम क्यों उठाया, समझ से परे’ ससुर श्याम नरेश सिंह का कहना है कि घर में सामान्य माहौल था। किसी प्रकार का झगड़ा या तनाव नजर नहीं आया। समझ में नहीं आ रहा कि अचानक ऐसी क्या परिस्थिति बनी कि स्वेच्छा ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
दही थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया- शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या और आत्महत्या, दोनों तरह से जांच की जा रही है
