17 निस्तारित डीएम ने कहा- निस्तारण कर रिपोर्ट दें
उन्नाव, समृद्धि न्यूज। बांगरमऊ तहसील में जिलाधिकारी गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को सुना गया। जहां कुल 119 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें 17 का मौके पर निस्तारण हो सका।
समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। तहसील दिवस में सर्वाधिक शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त हुईं। शेष मामलों को संबंधित विभागों को जांच कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को शासन की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में असंतोषजनक फीडबैक मिल रहा है, उनमें विभागीय अधिकारी स्वयं स्थलीय जांच कर शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुसार समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा नहीं होना चाहिए और तहसील व पुलिस के अधिकारी इस पर विशेष ध्यान दें। जिलाधिकारी ने राजस्व से संबंधित चकरोड, पैमाइश एवं अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता पर लेते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि शिकायत के निस्तारण के बाद फरियादी से फीडबैक अवश्य लिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो। उन्होंने जोर दिया कि जन शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण माननीय मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी शिकायतों पर संबंधित अधिकारी टीम गठित कर जांच करें और प्राथमिकता के आधार पर समय रहते निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने अंत में सभी विभागीय अधिकारियों को चेताया कि कोई भी शिकायत लंबित न रखी जाए और प्रत्येक मामले का गुणवत्ता के साथ समाधान किया जाए।
