15 दिन से लापता महिला का नहर में मिला शव

परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने का लगाया आरोप

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में देर शाम शारदा नहर में एक महिला का शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के ग्राम डकौली निवासी अंजना 32 वर्ष पत्नी रामबाबू जो पिछले लगभग 15 दिनों से लापता थी। जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 30 सितंबर को उसके पति रामबाबू ने फतेहपुर चौरासी थाने में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
स्थानीय ग्रामीणों ने देर शाम नहर में एक शव तैरता हुआ देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकलवाया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से शव की पहचान अंजना के रूप में हुई।

थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।
मृतका की भाभी नीतू ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अंजना की हत्या उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने की है, जिसमें पति रामबाबू भी शामिल है। नीतू का आरोप है कि अंजना के साथ आए दिन मारपीट की जाती थी और उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने पुलिस से हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *