फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। एक्सीडेंटल मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गयी। वहीं परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार मैनपुरी के ग्राम कुसमरा निवासी सुभाष चंद्र ने थाना कादरीगेट पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके बेटे गोलू सक्सेना की माधव मैक्स हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही और गलत इलाज के कारण यह घटना हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सुभाष चंद्र के अनुसार 28 सितंबर 2025 को उनके बेटे गोलू सक्सेना का थाना मेरापुर से पहले मोटरसाइकिल एक्सीडेंट हो गया था। घायल गोलू को शाम करीब 5 बजे आवास विकास स्थित माधव मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉ0 अविनाश पांडे ने पैर के ऑपरेशन के लिए 93,000/- रुपये मांगे। जब परिजनों ने इतनी राशि देने में असमर्थता जताई और कहीं और इलाज कराने की बात कही, तो डॉक्टर ने रात के इलाज के लिए 28,700 रुपये जमा करने का दबाव बनाया। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने उन्हें मरीज की गंभीर स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। आरोप है कि रात 3 से 4 बजे के बीच ड्यूटी कर्मचारियों ने गोलू को इंजेक्शन लगाया। जिसके बाद मंगलवार सुबह तक उसकी मौत हो गई। सुभाष चंद्र ने यह भी आरोप लगाया है कि डॉ0 अविनाश पांडे ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया। थाना कादरीगेट के कार्यवाहक थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने मंगलवार को बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मेडिकल बोर्ड का गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि युवक के शव के पोस्टमार्टम के लिए पंचायतनामा की कार्यवाही चल रही है और आगे की जांच के बाद उचित कानूनी कार्यवाही की जाएगी। वहीं माधव मैक्स हॉस्पिटल के डॉ0 अविनाश पांडे ने आरोपों को निराधार बताया है।
मरीज की उपचार के दौरान मौत, चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप
