उन्नाव, समृद्धि न्यूज। सदर कोतवाली क्षेत्र के हफ़ीजाबाद गांव में शाम को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान सहित तीन मवेशियों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है
जानकारी के अनुसार माखी थाना क्षेत्र के ग्राम करीमबाद निवासी गजराज 50 वर्ष गांव में बाढ़ आने के कारण अपने मवेशियों के साथ सुरक्षित स्थान की तलाश में हफ़ीजाबाद आया हुआ था। बुधवार शाम को अचानक मौसम खराब हुआ इसी बीच तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान जोरदार आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से गजराज और उसकी दो भैंसों सहित एक अन्य मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पाकर मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की है। बताया जाता है कि मृतक गजराज मवेशी पालन से परिवार का भरण-पोषण करते थे।
